छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक हेड कांस्टेबल ने 3 आरोपियों को छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत डिमांड की। पैसे मांगने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हेड कांस्टेबल कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “तीन-तीन आदमी को 5 हजार रुपए में थोड़ी न छोड़ूंगा। तीनों के लिए 10 हजार रुपए करवा दो।”
वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मारपीट के मामले में तीन आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक रिश्वत मांगने वाले हेड कांस्टेबल का नाम शोभित कैवर्त्य है, जिसे मारपीट केस की जांच सौंपी गई थी। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने आरोपियों को पकड़कर थाने में बैठाया और फिर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग की।
छोड़ने के लिए मांगे पैसे
आरोप है कि हेड कांस्टेबल शोभित ने आरोपियों को जेल नहीं भेजने और थाने से मुचलके पर छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की। बता दें कि मारपीट जैसे जमानती मामलों में नियम के तहत गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया जाता है।
इसके बावजूद इस मामले में आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजने का दबाव बनाया गया और उनसे पैसे मांगे गए।
2 महीने बाद वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना करीब 2 महीने पहले की है। उसी दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया था। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जेल भेजने का दबाव बनाया।
इसके बाद थाने से छोड़ने के एवज में पैसों की मांग की गई। वहीं अब पैसे मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।