छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में छोटे बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ऑपरेशन आघात अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान में दबिश देकर दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन बेच रहा था। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित संतोष किराना दुकान में किराना सामान के साथ MAXO BOND ADHESIVE सोल्यूशन ट्यूब रखकर छोटे-छोटे बच्चों को नशे के लिए बेचा जा रहा है।
सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस पहुंची तो वहां 2-3 नाबालिग लड़के कपड़े में सोल्यूशन लगाकर नशा करते मिले। पुलिस को देखकर बच्चे मौके से भाग निकले।
पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो एक डिब्बे में छिपाकर रखे गए 52 सोल्यूशन ट्यूब बरामद किए गए। पूछताछ में दुकान संचालक ने अपना नाम संतोष वाधवानी (57) निवासी पंचवटी नगर, बोइरदादर बताया।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह नाबालिग बच्चों को प्रिंट रेट से ज्यादा कीमत पर सोल्यूशन ट्यूब बेचता था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 77 जेजे एक्ट और धारा 123, 275 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र में भी हुई थी कार्रवाई
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर के कई इलाकों में नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेचे जा रहे हैं। इससे पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के रामभांठा संजय मैदान इलाके में भी कार्रवाई की गई थी। यहां डोकरी नाम का युवक घूम-घूमकर नाबालिग बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
SSP बोले- नशे के कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी रहेगा। खासकर नाबालिग बच्चों को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब, नशीले पदार्थ और युवाओं को नशे की लत लगाने वाले कारोबारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।