नेशनल हाईवे- 343 के बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन सड़क कार्य में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

Chhattisgarh Crimesनेशनल हाईवे- 343 के बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन सड़क कार्य में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की गंभीर अनदेखी की जा रही है। मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण और डामरीकरण का कार्य निम्न स्तर का किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि ठेकेदार नियमों के विपरीत पेटी कॉन्ट्रैक्ट के जरिए स्थानीय स्तर पर बिना तकनीकी मानकों के काम करा रहा है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं हो रही है और कई स्थानों पर बिना उचित कम्पेक्शन और परीक्षण के ही कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी और मोरम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व हानि के साथ पर्यावरणीय नुकसान भी हो रहा है।

आम जनता को परेशानी

निर्माणाधीन सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण एजेंसी की ओर से नियमित पानी छिड़काव और सुरक्षा संकेतों की व्यवस्था भी नहीं की जा रही है।

मामले में जांच की मांग

युवा कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। साथ ही, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।

आंदोलन की चेतावनी दी

एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव और रामानुजगंज नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर 7 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई की ओर से अनिश्चितकालीन ‘काम रोको आंदोलन’ और चक्काजाम किया जाएगा।