रायपुर के बैरन बाजार स्थित सेंट पॉल स्कूल परिसर में कम्युनिटी हॉल के नाम पर किए जा रहे निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया

Chhattisgarh Crimesरायपुर के बैरन बाजार स्थित सेंट पॉल स्कूल परिसर में कम्युनिटी हॉल के नाम पर किए जा रहे निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया है। हिंदू स्वाभिमान संगठन छत्तीसगढ़ ने निर्माण को अवैध बताते हुए कलेक्टर से इसे हटाने की मांग की है।

संगठन का आरोप है कि बिना वैध अनुमति के यहां चर्च बनाया जा रहा है। शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों ने पहले कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद संगठन के सदस्य निर्माण स्थल पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि कथित अवैध चर्च निर्माण नहीं रोका गया तो संगठन वहां मंदिर बनाएगा।

हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पाण्डेय ने कहा कि यह पूरा मामला एक शैक्षणिक परिसर से जुड़ा हुआ है, यहां विशाल धार्मिक संरचना तैयार की जा रही है। संगठन शुरू से इसका विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि की लीज वर्ष 2022 में ही समाप्त हो चुकी है और इसके बाद उसका नवीनीकरण भी नहीं हुआ। क्योंकि हमने इसका विरोध किया था।

विश्वदिनी पाण्डेय ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद यहां धर्मांतरण का बड़ा केंद्र तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पास में पहले से ही बैरन बाजार चर्च मौजूद है, इसलिए इतने बड़े निर्माण की आवश्यकता समझ से परे है। उनका कहना है कि आसपास की बस्तियों और हिंदू परिवारों को टारगेट कर धीरे-धीरे धर्मांतरण की कोशिश की जा सकती है।