छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने हीराकुंड एक्सप्रेस से 5 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। तस्करों ने गांजा ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखा था। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक जीआरपी थाना रायगढ़ को कमर्शियल कंट्रोल के माध्यम से सूचना मिली थी कि, अप लाइन की ट्रेन नंबर 20807 हीराकुंड एक्सप्रेस के एम-1 कोच में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंच गई।
ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर पुलिस टीम ने संबंधित कोच की तलाशी ली। जांच के दौरान एम-1 कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में खाकी रंग के सेलो टेप से लिपटे 10 पैकेट संदिग्ध हालत में मिले।
10 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
पुलिस ने पैकेटों की जांच की तो उनमें गांजा भरा हुआ मिला। कुल 10.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया है।
तस्करों का नहीं लगा सुराग
जीआरपी ने ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन गांजा रखने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। शुरुआती जांच में आशंका है कि गांजा ओडिशा की ओर से लाया जा रहा था और किसी अज्ञात तस्कर द्वारा इसकी सप्लाई की जानी थी।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में जीआरपी रायगढ़ ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े आरोपियों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।