दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- ढाई साल का राग अलापने वाले सफल नहीं होंगे, पुनिया ने अपने बयान में ये स्पष्ट कर दिया

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। दिल्ली दरबार में छत्तीसगढ़ कांग्रेस का सत्ता संघर्ष जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बारी-बारी से कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर लौट आए हैं। रायपुर हवाई अड्‌डे पर उन्होंने ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री की बात को सरकार के खिलाफ साजिश बताया। उन्होंने कहा, उन्हें मुख्यमंत्री आलाकमान ने बनाया है, सोनिया-राहुल जिस दिन कहेंगे वे CM का पद छोड़ देंगे।

रायपुर हवाई अड्‌डे पर प्रेस से चर्चा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, दो दिन के दिल्ली प्रवास में राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई है। इसमें विकास योजनाओं और लॉकडाउन पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया इस पर बात रख चुके हैं। अब इसपर कुछ कहना शेष नहीं है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मुख्यमंत्री पर ढाई-ढाई साल का राग अलापने वाले सरकार को अस्थिर करने की साजिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने एक किसान को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी है। जब तक वे चाहते हैं मैं पद पर हूं- सोनिया जी-राहुल गांधी जिस दिन कहेंगे वे CM का पद छोड़ देंगे। कांग्रेस में मचे सत्ता संघर्ष के बीच भाजपा के बयानों पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, एक किसान के बेटे के मुख्यमंत्री बन जाने से भाजपा परेशान है। 2003 से 2018 तक भाजपा दूसरो के भरोसे सत्ता में आती रही है। इस बार उनको अपनी असलियत का भी अंदाजा हो गया है।

रायपुर हवाई अड्‌डे पर शक्ति प्रदर्शन

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगवानी के बहाने उनके समर्थकों ने आज शक्ति प्रदर्शन भी किया है। करीब 3 बजे से ही वहां समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, विधायक कुलदीप जुनेजा, विनय जायसवाल सहित कई निगम-मंडलों, प्राधिकरणों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मुख्यमंत्री के स्वागत को पहुंचे थे। इस दौरान समर्थकों ने “छत्तीसगढ़ अड़ा हुआ है, भूपेश बघेल संग खड़ा हुआ है’ जैसे नारे लगाए। इस बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, उत्साहित लोग राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं।

वेणुगोपाल से सिंहदेव भी मिले, कल आने की संभावना

बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सुबह 11.15 बजे के करीब कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलने पहुंचे। बाद में टीएस सिंहदेव भी वेणुगोपाल से मिले। दोनों नेताओं की वेणुगोपाल से क्या बात हुई इसका अधिकृत ब्यौरा नहीं मिल पाया है। सिंहदेव अभी दिल्ली में ही रुके हुए हैं। उनके कल रायपुर आने की संभावना जताई जा रही है।