बिहार चुनाव में राहुल-प्रियंका के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे स्टार प्रचारक

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। कांग्रेस पार्टी की ओर से बिहार में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए राहुल गांधी और प्रियंका के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी महागठबंधन के उम्मीदवारों का प्रचार करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेनुगोपाल ने चुनाव आयोग को बिहार चुनाव के स्टार प्रचारकों की जो सूची भेजी है उनमें इन प्रमुख नेताओं का भी नाम है। पार्टी की ओर से बिहार चुनाव के लिए 30 वरिष्ठ नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। पार्टी का बिहार संगठन जल्द ही पहले चरण के चुनाव के लिए इन नेताओं का कार्यक्रम तय करेगा।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कार्यक्रम के लिए अनुरोध पत्र पहले ही राष्ट्रीय कमेटी को भेजी जा चुकी है। कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग को स्टार प्रचारकों की जो सूची भेजी गई है उसमें 30 नेताओं के नाम हैं। इसमें कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन मोहन झा और प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल के नाम शामिल हैं। इस चुनाव में राजद और वाम दलों के साथ तालमेल कर उतर रही कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राजद 144 और वाम दल 29 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 10 नवंबर को होगी।