बीजेपी के हुंकार रैली को कांग्रेस ने बताया नौटंकी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। भाजपा 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ में हुंकार रैली निकालेगी। बिलासपुर में बड़ा आयोजन होगा स्मृति इरानी भी आएंगी। इसे कांग्रेस के खिलाफ महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा का बड़ा विरोध प्रदर्शन माना जा रहा है। बुधवार को डॉ रमन सिंह ने इसका पोस्ट लॉन्च किया। अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने इस आयोजन पर सवाल खड़े किए हैं। कहा है- भाजपा की हुकार रैली एक बेशर्म नौटंकी है।

मोहन मरकाम ने आगे कहा- जब प्रदेश में 15 सालों तक महिलाओं के साथ अत्याचारों की पूरी श्रृंखला चालू थी तब भाजपा कहां सोई थी? आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं, महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों में रमन राज की अपेक्षा कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 62 प्रतिशत की कमी आई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद महिलाओं को जीवन जीने के लिये सुरक्षित भयमुक्त वातावरण मिला है।

मरकाम ने कहा प्रदेश में 6 से 14 साल के बच्चियों के साथ झलियामारी के सरकारी आश्रम में दुराचार की घटना हो रही थी, तब इन बच्चियों के गुनाहगारों के खिलाफ कार्यवाही के लिये कांग्रेस को आंदोलन करना पड़ा था। जब बिलासपुर में नसबंदी जैसे छोटे ऑपरेशन में 17 महिलाओं की जाने चली गयी तब भाजपा ने हुंकार रैली नहीं निकाला। राजधानी रायपुर में चंद पैसों के लिये महिलाओं के गर्भाशय निकाल लिये गये तब भाजपा की गैरत कहां सोई थी? प्रदेश में 27000 से अधिक लड़कियां गायब हो गयी तब भाजपा की बोलती बंद थी।