देश में और तेज हुआ कोरोना संक्रमण, एक दिन में रिकॉर्ड 3.86 लाख नए मरीज मिले

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। देश में कोरोना से हालात बेकाबू हो चुके हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब देश में 100 लोगों में 21 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। मतलब इस हफ्ते टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 21.51 रहा है। पिछले हफ्ते यह पॉजिटिविटी रेट 18.32% था। मतलब उस वक्त हर 100 लोगों में 18 लोग ही संक्रमित मिल रहे थे।

पहली बार एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज मिले और सबसे ज्यादा ठीक भी हुए

गुरुवार को पहली बार एक दिन में 3 लाख 86 हजार 854 नए मरीजों की पुष्टि हुई। 24 घंटे में मिले नए मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 28 अप्रैल को 3.79 लाख मरीजों की पहचान हुई थी। इसके अलावा 24 घंटे में 3,501 संक्रमितों की मौत भी हो गई। ये लगातार तीसरा दिन था जब तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इससे पहले बुधवार को 3,646 मौतें रिकॉर्ड की गईं थीं। राहत की बात ये है कि इन 24 घंटों के अंदर 2 लाख 91 हजार 484 लोग ठीक होकर अपने घर भी गए।

ऐसे ही बढ़ते रहे मरीज तो मुश्किलें बहुत ज्यादा बढ़ जाएंगी

देश में जब 10 लाख एक्टिव केस हुए थे, तभी से अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, दवाओं और वेंटिलेटर की कमी होने लगी थी। अब यह आंकड़ा 31 लाख से भी ज्यादा हो चुका है। इसमें हर दिन एक लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी हो रही है। अगर एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में ऐसे ही बढ़ोतरी होती रही तो आने वाले दिनों में पूरे देश में मुश्किलें बहुत बढ़ जाएंगी। अभी जो साधन जुटाए जा रहे हैं, वह सिर्फ 10% मरीजों के ही काम आ पाएंगे। बाकी 90% मरीजों को अव्यवस्था का बोझ झेलना पड़ जाएगा।