अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीें; सोशल मीडिया में पार्टी और सरकार के खिलाफ लिखा तो होगी कार्रवाई

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अनुशासन का साफ संदेश दे दिया गया है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि चुनावी साल में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया में पार्टी और सरकार के खिलाफ कुछ लिखा तो संबंधित पर कार्रवाई होगी।

एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा, 2023 के चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है। उसके लिये जरूरी है हम मेहनत करे। हमारी सरकार ने चार साल में अच्छा काम किया। हमारा दायित्व है हम सरकार के काम का प्रचार करें। इस काम को अधिकारी नहीं कार्यकर्ता करेंगे। यह तभी संभव होगा जब बूथ लेवल तक हमारी कमेटी बनी हो। बूथ कमेटी सही हुई तो हमें चुनाव जीतने से कोई नही रोक सकता। पिछले चुनाव में हम बूथ एवं अनुभाग तक पहुंचे थे। इस बार भी हमे उसी उत्साह से आगे बढ़ना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, सरकार सभी की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के मुखिया संगठन की बातो को गंभीरता से सुनते है उसका निराकरण भी करते है। आप अपनी बात सरकार और संगठन के मुखिया के सामने रखते है। यह आपका अधिकार है, आपका सम्मान है। आपकी समस्या का निराकरण किया जायेगा। प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव ने कहा, चुनाव आने वाले है संगठन का काम है सीएमओ और सीजी के पेज को रिट्वीट करना है। सभी जिलाध्यक्ष मिलकर के फेसबुक पेज बनाईये और शेयर करे।

प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा, पदयात्रा अगली सरकार तक पहुंचने का माध्यम है। सभी को अनिवार्य पदयात्रा करना है। यह पदयात्रा आने वाले 2023 के चुनाव का शंखनाद है। बूथों तक भारत जोड़ो पदयात्रा पहुंचनी चाहिये। यात्रा तीन माह चलनी चाहिये। उन्होंने सभी ब्लाकों में पदयात्रा का रूट चार्ट बनाने को कहा।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, पूर्व अध्यक्ष भूपेश बघेल ने विधायक के दावेदारों का आवेदन ब्लाक अध्यक्षों के पास जमा करवाया था। विधायकों के टिकट के दावेदारों का चयन ब्लाक अध्यक्ष करेंगे। उन्होंने कहा, सरकार बनाने में जिलाध्यक्ष और जिला पदाधिकारयों की सबसे बड़ी भूमिका होती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रति धन्यवाद और कांग्रेस के नये अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिये बधाई का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा, सोनिया गांधी ने लंबे समय तक कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने के लिये सेवा दिया। कांग्रेस पार्टी उनकी आभारी है। उन्होंने कहा, नये अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी। पीसीसी पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों ने दोनों हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया।

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पहले विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी और गुजरात के मोरबी पुल हादसे के मृतको को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धाजंलि दी। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पूण्य तिथि और सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर दोनो के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया।