शर्मनाक घटना; यूपी के गोंडा में गैंग ने लड़के को पीटा, फिर मुंह पर की पेशाब

Chhattisgarh Crimes

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक को कुछ लड़कों के गैंग ने मिलकर पीटा और फिर इसके बाद उसके ऊपर पेशाब कर दिया। इस घटना के करीब 15 दिन बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसमें कुछ लड़को का एक समूह ऐसा करते हुए दिख रहा है। पुलिस ने कहा कि ये वीडियो 31 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस सर्कल के वजीरगंज में शूट किया गया था, जहां लड़कों की एक गैंग में झगड़ा हुआ था।

पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार

इस वायरल वीडियो में दिख रहे एक युवक की पहचान कप्तान सिंह के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एएसपी गोंडा शिवराज प्रजापति ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित से संपर्क किया और पीड़ित शिव सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया। प्रजापति ने कहा कि पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लेगी।

दोनों ही गैंग के लड़कों पर दंगा और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

एएसपी प्रजापति ने कहा प्रथमदृष्टया यह सामने आया है कि दोनों समूह, एक शिव के नेतृत्व में और दूसरा कप्तान के नेतृत्व में क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने के लिए लंबे समय से आपस में भिड़े हुए थे। कप्तान एक गैंगस्टर अधिनियम मामले में जमानत पर बाहर था, जबकि शिवा के खिलाफ भी मामले हैं। उस पर दंगा और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है।

देसी कट्टा दिखाया, मुंह पर पेशाब किया

इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवाओं के एक समूह ने शिव को घेर लिया और उसकी पिटाई की। वीडियो में ऐसा लग रहा था कि हमलावर युवक को जंगल में ले गए, वह एक पेड़ के पीछे खड़ा दिखाई दे रहा है और तभी एक युवक आता है और उसे लात मारता है, इससे वह नीचे गिर जाता है। इसके बाद गैंग के लड़के उसे मारते हैं। गौर करने वाली बात है कि इनमें से एक के पास देसी कट्टा भी दिखाई दे रहा है। शिव को मारने के बाद एक लड़का उसके ऊपर पेशाब करता है।