कान की मशीन लेकर मंत्री अमरजीत के बंगले पहुंचे जनता कांग्रेस कार्यकर्ता

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। जनता कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मंत्री अमरजीत भगत का बंगला घेर लिया। वो प्रदेश के संस्कृति मंत्री को सुनने वाली मशीन तोहफे में देना चाहते थे। बड़ी तादाद में जनता कांग्रेस युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखकर फौरन मौके पर पुलिस भी आ पहुंची। रायपुर के मेग्नेटो मॉल के पास मंत्री का सरकारी आवास है। यहां रविवार की दोपहर जनता कांग्रेस नेताओं का जबरदस्त हंगामा देखने को मिला।

जब पुलिस ने उन्हें मंत्री के घर तक जाने से रोका तो सभी सड़क परद बैठकर धरना देने लगे। काफी देर तक अफसर नेताओं को रास्ते से हटाने का प्रयास करते रहे, मगर जनता कांग्रेसी नहीं माने। प्रदीप साहू ने कहा कि जनता के मुद्दों पर कांग्रेस की सरकार बहरी हो गई है तभी तो मीडिया के सवाल मंत्री को सुनाई नहीं दे रहे। मंत्री अमरजीत भगत के द्वारा पत्रकारों के द्वारा पूछे गए शराबबंदी के सवाल को अनसुना और अनदेखा कर सवाल सुनाई नहीं देने की बात कहकर टाल देना छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता के साथ कुठाराघात और धोखा है।

इस वजह से मचा है सियासी बवाल

हाल ही में प्रदेश के संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत राजनांदगांव के जिले के प्रभारी मंत्री बनाए गए हैं। इसके बाद वे पहली बार जिले के प्रवास पर पहुंचे थे। उनका जगह-जगह स्वागत हुआ। फिर डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। प्रदेश की खुशहाली, अच्छी बारिश व अच्छी फसल की कामना भी की। इसके बाद पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछ लिया कि आप संस्कृति मंत्री हैं। शराब से संस्कृति भ्रष्ट हो रही। आप क्या कहेंगे? इस पर मंत्री जी ने जवाब दिया कि उन्हें सुनाई ही नहीं दिया।