देश में 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 2.33 लाख से ज्यादा मरीज मिले, 1338 लोगों की मौत

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। देश में हालात काफी बिगड़ चुके हैं। कोरोनावायरस ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है। हर राज्य, हर शहर में पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को पहली बार ऐसा हुआ जब एक दिन के अंदर रिकॉर्ड 2 लाख 33 हजार 757 लोग संक्रमित पाए गए। इस दौरान 1 लाख 22 हजार 839 मरीज रिकवर भी हुए। पूरे देश में अब तक 1.45 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। ये आंकड़ा आज शाम तक डेढ़ करोड़ के पार हो जाएगा।

संक्रमण के चलते इन 24 घंटों के अंदर 1,338 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों का ये आंकड़ा तो सरकारी है। श्मशान घाटों, कब्रिस्तानों में पहुंचने वाले शव इससे कई गुना ज्यादा हैं। वहां से जो तस्वीरें सामने आ रहीं हैं वो वाकई में डराने वाली होती हैं। आप श्मशान घाटों और कब्रिस्तानों में लग रही लंबी कतारों से इसका अंदाजा लगा सकते हैं।

69.05% यानी 1.61 लाख मरीज केवल 7 राज्यों में बढ़े

शुक्रवार को 1 लाख 61 हजार 422 यानी 69.05% नए मरीज केवल 7 राज्यों में बढ़े। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 63,729, उत्तर प्रदेश में 27,360, देश की राजधानी दिल्ली में 19,486, कर्नाटक में 14,859, छत्तीसगढ़ में 14,912, मध्य प्रदेश में 11,045 और केरल में 10,031 लोग संक्रमित पाए गए। इन्हीं राज्यों में सबसे ज्यादा 939 यानी 70.17% मौतें भी दर्ज की गई हैं।

आज कई प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक

आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन देश के उन सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे, जहां कोरोना के मामलों में ज्यादा इजाफा हो रहा है। डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि इस बैठक में कोरोना के हालात का जायजा लिया जाएगा। इसके अलावा संसाधनों के संकट को लेकर भी बातचीत होगी। सोमवार को देश के सभी एम्स हॉस्पिटल के डायरेक्टर्स की बैठक होगी। इसमें एम्स में सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कहा जाएगा।