6 लाख के इनामी नक्सली दंपती गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा पुलिस ने 6 लाख रुपए के इनामी नक्सली दंपती को गिरफ्तार किया है। ये दोनों नक्सली पुलिस को आता देख जंगल में छिप गए थे। जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया है। माओवादी मुन्ना बारसा नक्सलियों का PPCM कमांडर है। इस पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित है। जबकि, इसकी पत्नी मंगली पुनेम LOS सदस्य है। ये एक लाख रुपए की इनामी है। दोनों कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। भांसी थाना क्षेत्र से दोनों की गिरफ्तारी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा DRG और CRPF के जवान भांसी के झिरका, बासनपुर और कमालूर की तरफ सर्चिंग पर निकले हुए थे। वहीं इसी इलाके में मौजूद नक्सली दंपती को पुलिस के आने की सूचना मिली। जिसके बाद दंपती बासनपुर के जंगल में छिप गए थे। सर्चिंग करते हुए पुलिस जवान भी वहां पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। इनके पास से करीब 54 हजार रुपए कैश, डेटोनेर समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

दंतेवाड़ा के SP गौरव राय ने बताया कि ये दोनों नक्सली पिछले कई सालों से नक्सली संगठन से जुड़कर काम कर रहे थे। भांसी थाना क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर हमला करने, कमालूर के पास रेलवे ट्रैक उखाड़ने जैसी कई घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। दोनों पर इनाम भी घोषित है। पूछताछ में इनसे कई खुलासे भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार उस इलाके में सर्चिंग कर रही है।

4 और माओवादी गिरफ्तार

अरनपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने अन्य 4 और माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रवा मुका, मुका कमलू, हिड़मा राव, माड़वी भीमा शामिल हैं। ये सभी नक्सली मलांगेर एरिया कमेटी में स्क्रिय थे। पुलिस पार्टी की रेकी करना, सड़क काटना, IED लगाना, IED ब्लास्ट कर पुल-पुलिया को उड़ाने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।