नई दिल्ली। देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। महामारी शुरू होने के बाद से एक दिन में मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या पहली बार एक लाख के पार चली गई है। रविवार को कुल 1.03 लाख केस सामने आए। 52,825 मरीज रिकवर हुए और 477 मौतें हुईं हैं। इससे पहले 17 सितंबर को 96,787 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। शनिवार को 92,994 संक्रमितों की पहचान हुई। साथ ही 713 लोगों की मौत हुई थी।
नए केस के मामले में भारत हाल में अमेरिका और ब्राजील को पीछे छोड़कर पहले नंबर पर आ गया है। शनिवार को अमेरिका में 66 हजार और ब्राजील में 41 हजार संक्रमित मिले थे। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां अभी एक दिन में 1 लाख से ज्यादा केस मिले है।
सबसे ज्यादा केस वाले देशों में पहले पर अमेरिका, दूसरे पर ब्राजील और तीसरे पर भारत है। भारत और ब्राजील के बीच अब सिर्फ 40 हजार केस का अंतर रह गया है। अगर संक्रमण की यही रफ्तार रही तो भारत जल्द ही दोबारा दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश हो जाएगा।
अब तक सवा करोड़ लोग महामारी की चपेट में आए
देश में अब तक करीब 1.25 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.16 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.65 लाख ने जान गंवाई है। 7.37 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।