मुख्यमंत्री ने संकल्प शिविर में बताया चुनाव के पहले का किस्सा

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा में आयोजित संकल्प शिविर से कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में संकल्प शिविर की शुरुआत की।

इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साल 2018 में प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए अपने चुनावी अनुभवों का जिक्र किया। उन्होंने विधायक विकास उपाध्याय को दिए जीत के मंत्र को भी साझा किया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के बूथ लेवल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विकास को आया था भूपेश पर गुस्सा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि साल 2018 के चुनाव से पहले वे जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक ले रहे थे। उसे समय विकास उपाध्याय रायपुर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संगठन की मूल बात पर उन्होंने विकास से सवाल किया और पूछा कि इससे पहले चुनाव लड़ चुके हो, संगठन के बड़े पदों पर रहे हो, क्या आपको वोटर लिस्ट पढ़ना आता है?

सीएम भूपेश ने बताया कि विकास उपाध्याय एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और राष्ट्रीय पदाधिकारी के अलावा बहुत सारे प्रदेशों के भी प्रभारी रहे हैं और यूनिवर्सिटी की भी राजनीति की है। प्रदेश अध्यक्ष से ये सवाल सुनकर तेजतर्रार नेता विकास उपाध्याय ने गुस्से में जवाब दिया कि पढ़ना कैसे नहीं आएगा।

इसके बाद उन्होंने दूसरा सवाल दागा कि अनुभाग क्या होता है वो जानते हो? एक बूथ में कितने अनुभाग होते हैं? ये सवाल सुनकर विकास उपाध्याय खामोश हो गए। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे भूपेश बघेल ने कहा कि जिस दिन अनुभाग पढ़ने आ जाएगा, उस दिन चुनाव हारोगे नहीं जीतोगे। वहीं से वोटर लिस्ट मंगाकर भूपेश बघेल ने दिखाया कि एक बूथ में कितने अनुभाग होते हैं, जिसमें सभी बूथों में अनुभागों की संख्या अलग-अलग थी।

इसके बाद उसी दिन से विकास उपाध्याय के साथ मोटरसाइकिल में बैठकर भूपेश बघेल ने अनुभाग और बूथ बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा पहले पार्टी की बैठकों के दौरान हॉल में भीड़ जुड़ जाती थी, लेकिन जैसे ही बूथ, सेक्टर‌ और‌ जोन अध्यक्षों की बात होती थी, तब कोई हाथ नहीं उठते थे। मगर आज जब कांग्रेस नेता राजेश तिवारी ने पूछा तब सबके हाथ उठे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 सालों में हुआ यह परिवर्तन आज दिखाई दे रहा है।

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आज मैं कह सकता हूं कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मैंने जो जिला अध्यक्षों को शिक्षा दी थी। उनमें सबसे बढ़िया जिलाध्यक्ष अगर कोई साबित हुआ तो वो विकास उपाध्याय है।

चुनावी बिगुल बज चुका है

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि चुनावी शंखनाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है और यह मान लीजिए के चुनावी बिगुल बज चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मान-सम्मान मांगता है और हमने हर कार्यकर्ता को सम्मान दिया है। इसी मान-सम्मान की वजह से आत्मविश्वास पैदा होता है। भारतीय जनता पार्टी लाख कोशिश करे, लेकिन कांग्रेस पार्टी की जड़ इस देश और समाज से कभी कमजोर नहीं हो सकती।

सैलजा ने बताया कांग्रेस के पास पास 3 चीजें हैं

1- नेतृत्व- राहुल गांधी, सोनिया गांधी ,अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी हमारा नेतृत्व है।
2- नीति – हमारे पास विचारधारा है कांग्रेस, कांग्रेस की विचारधारा का कोई तोड़ नहीं।
3- कार्यकर्ता – कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि तीसरी ताकत आप हैं। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे की सेना है, सबको लेकर साथ चलते हैं और काम करते हैं।