मुख्यमंत्री का कर्मचारी हड़ताल के बहाने भाजपा पर तंज, बोले- हड़ताली कर्मचारियों को शायद भाजपा का समर्थन रास नहीं आया

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। कर्मचारियों की 12 दिनों से चल रही हड़ताल शुक्रवार को खत्म हो गई। शनिवार को अवकाश है। सोमवार से कर्मचारी कार्यालयों में लौट जाएंगे। इस बीच मुख्यमंत्री ने मुख्य विपक्षी दल भाजपा पर तंज कसा है। उन्हाेंने कहा है कि भाजपा इस आंदोलन का समर्थन कर रही थी। शायद कर्मचारिसों को ही समर्थन रास नहीं आया। लेकिन यह बात कर्मचारी संगठन ही बता पाएंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर में सारंगढ़ के लिए रवाना हुए। रायपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उनसे सवाल हुआ कि कर्मचारियोें की हड़ताल खत्म होने में आपकी अपील का असर है, सरकार की सख्ती का या फिर भाजपा ने समर्थन किया था, इस वजह से ऐसा हुआ। जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, यह तो कर्मचारी संगठन ही बता पाएंगे कि उन्होंने हड़ताल क्यों तोड़ा। मैंने तो अपील किया था। भारतीय जनता पार्टी तो बोली थी कि आप हड़ताल जारी रखें हम साथ में हैं। शायद वह रास नहीं आया। अब यह तो कर्मचारी संगठन की बताएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, हड़ताल पर समाप्त हो गया है। कर्मचारी काम पर लौट गए हैं। मुझे बस इतनी जानकारी है।

कांग्रेस की दिल्ली में हो रही रैली के संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “आम जनता की जो समस्या है कांग्रेस उन मुद्दों पर लड़ती रहेगी। वह मुद्दा महंगाई का हाे, बेरोजगारी का हो अथवा केंद्र सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार का हर मुद्दे पर लड़ाई लड़ी जाएगी।’ कांग्रेस की रैली के लिए छत्तीसगढ़ से भी सरकार के मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और हजारो कार्यकर्ता दिल्ली जा रहे हैं।

पौने चार साल में 6 जिले बना दिए

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को दो नये जिलों का उद्घाटन करने वाले हैं। सारंगढ़ में वे नवगठित जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ का उद्घाटन करेंगे। वहीं खैरागढ़ में नए जिले खैरागढ़-छुई खदान-गंडई का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा, इन पौने चार सालों में उनकी सरकार ने छह जिले बनाए। 85 तहसीलें बनाई। छत्तीसगढ़ भौगोलिक दृष्टि से देश का 9वां सबसे बड़ा राज्य है। वन और पहाड़ी क्षेत्रों में जनसंख्या घनत्व बेहद कम है। ऐसे मेें उन क्षेत्रों में लोगों को तहसील और कलेक्ट्रेट पहुंचने में असुविधा होती है। नई प्रशासनिक इकाईयों से प्रशासन का विकेंद्रिकरण किया गया है। जनता को लाभ मिलेगा तो हमें आशीर्वाद भी देंगे।