उम्मीद पर तो दुनिया कायम है : मंत्री टीएस सिंहदेव

Chhattisgarh Crimes

मनेंद्रगढ़/पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर फिर कहा है कि उम्मीद पर तो दुनिया कायम है। बाकी जो निर्णय लेना होता है। वो पार्टी हाईकमान लेती है। ये निर्णय हम नहीं लेते। हमें जो जिम्मेदारी दी जाती है। हम वो काम करते हैं।

दरअसल, मंत्री रविवार को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दौरे पर पहुंचे थे। वहां वे चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में अलग-अलग कार्यक्रम में शामिल हुए। मनेंद्रगढ़ में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। फिर शिक्षकों के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद ही उन्होंने मीडिया से चर्चा की।

सिंहदेव ने कहा-पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। व्यक्तिगत तौर पर मैं राहुल जी के निर्णय पर तो सहमत नहीं हूं। मेरी व्यक्तिगत राय है कि राहुल गांधी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष होना चाहिए यदि सोनिया गांधी नहीं होती हैं। मगर ये राहुल जी का निर्णय है। हां पर अब चुनाव हो रहे हैं। दो लोग मैदान में हैं। उन दोनों में से ही एक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा।

इसके अलावा सिंहदेव से इस बात को लेकर भी प्रश्न किया गया कि अगले चुनाव में सीएम पद का चेहरा कौन होगा। तब उन्होंने कहा कि यदि सीएम भूपेश ही यदि उस समय सीएम रहेंगे तो वो ही चेहरा रहेंगे। जो सीएम होता है वो चेहरा होता है। सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन पर भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मंडावी हमने एक होनहार साथी को खो दिया है। मनोज बहुत ही स्पष्टवादी, बोल्ड निडर और आदिवासी हित में विशेष संवेदना रखने वाले नेता थे।

मनेंद्रगढ़ के बाद सिंहदेव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे पर भी गए। सिंहदेव अचानक ही मरवाही के अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। हमें इसे और बेहतर करना है।