चलती ट्रेन में चोरों का धावा, 5 लाख के गहने पार

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ से होकर चलने वाली रक्सौल-सिकंदराबाद एक्सप्रेस के AC कोच समेत तीन बोगियों से चोरों ने यात्रियों का बैग पार कर दिया। कोरबा की एक महिला यात्री के पांच लाख रुपए कीमती सोने-चांदी के गहनों से भरे बैग को भी निशाना बनाया। रिपोर्ट पर जीआरपी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बीते मंगलवार देर रात की है।

कोरबा निवासी चंदन पति नारायण लाल रक्सौल-सिकंदराबाद में सफर कर रहीं थीं। वह ट्रेन के बी-1 कोच में सवार थी। उनका रिजर्वेशन बोकारो सिटी से बिलासपुर स्टेशन तक था। गाड़ी अपने तय समय पर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर बिलासपुर के लिए रवाना हुई। अपनी जगह पर पहुंचने के बाद उन्होंने बैग को सीट के नीचे रख दी और सीट पर लेट गईं। फिर रात करीब 2 बजकर 30 मिनट पर उनकी आंख लग गई। सुबह छह से सात बजे उनकी नींद खुली, तो कोच में हड़कंप मचा हुआ था। बोगी से कई यात्रियों की बैग चोरी हो गई थी। महिला ने अपनी सीट के नीचे झांककर देखी, तब उसके होश उड़ गए। उनका लगेज समेत बैग पार हो गया था। बैग में पांच लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने रखे थे।

रांची-राउरकेला के बीच हुई घटना

ट्रेन में आरपीएफ को लोगों ने इस घटना की जानकारी दी थी। इस घटना से परेशान महिला बेचैन थी। जैसे ही ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पहुंची, वह उतर कर सीधे जीआरपी थाने पहुंच गईं। उन्होंने चोरी की जानकारी पुलिस को दी। बताया कि ट्रेन रांची से राउरकेला के बीच आउटर में रुकी थी। उसी समय चोर गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया होगा। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेन के एक कोच ही नहीं बल्कि तीन से चार कोच में चोरों ने धावा बोला है। ट्रेन में कई यात्रियों के सामान गायब थे, जिसके चलते अफरा-तफरी मची थी।

रायपुर की यात्री भी हुई चोरी की शिकार

महिला ने पुलिस को बताया कि ट्रेन में रायपुर की एक यात्री भी चोरी की शिकार हुई है। उनके कोच में सवार यात्री रायपुर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनका बैग चोरी हो गया है। अब वे रायपुर पहुंचकर जीआरपी में केस दर्ज कराएंगे।

बेहोश कर वारदात को अंजाम देने की आशंका

महिला यात्री ने जीआरपी थाने में बताया कि रात करीब दो बजे तक वह जाग रही थीं। इसके बाद अचानक उन्हें नींद आ गई। उन्होंने आशंका जताई है कि चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले कोच में कुछ ऐसी चीजों का छिड़काव किया, जिससे यात्रियों को नींद आ गई। क्योंकि चोरों ने जितने भी बैग या ट्राली बैग पार किए हैं, उन्हें यात्रियों ने चेन से बांधकर रखा था, जिसे चोर काटकर उड़ा ले गए।