आज विवाह पंचमी, करें ये उपाय, भगवान श्री राम और माता सीता का मिलेगा आशीर्वाद

Chhattisgarh Crimes

हर बार मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन मिथिला में सीता स्वयंवर जीतकर भगवान श्री राम ने माता सीता से विवाह रचाया था। इस दिन बहुत से विवाह भी सम्पन्न कराए जाते हैं। इस शुभ अवसर पर श्री राम और माता सीता की विशेष पूजा का विधान है। इससे आपके सुख-सौभाग्य में तो बढ़ोतरी होगी ही, साथ ही आपके सारे काम भी सिद्ध होंगे। आपको शादी से लेकर विद्या और बिजनेस से लेकर स्वास्थ्य हर तरह का फायदा मिलेगा। साथ ही इस दिन कुछ उपायों को करने से आपको कई परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। ऐसे में आइए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं श्री राम विवाहोत्सव या विवाह पंचमी के दिन किए जाने वाले कुछ खास उपायों के बारे में।

अगर आप बिजनेस में खूब धन की प्राप्ति करना चाहते हैं, तो इस दिन सुबह स्नान आदि के बाद आपको माता सीता सहित भगवान श्री राम की विधि-पूर्वक पूजा करके श्री राम के इस मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र है –‘श्रीं रामाय नमः।’ इस मंत्र जप के साथ ही अगर संभव हो तो श्री राम यंत्र की स्थापना भीकरें। ऐसा करने से आपको बिजनेस में खूब धन की प्राप्ति होगी।

अगर आप अपनी बेटी के लिये बहुत समय से रिश्ता ढूंढ रहे हैं, लेकिन कोई अच्छा रिश्ता नहीं मिल पा रहा है, तो सोमवार से शुरू करके अगले 11 दिनों तक आपको रामचरित मानस की इस चौपाई का 108 बार पाठ करना चाहिए। चौपाई है – सुन सिय सत्य असीस हमारी, पूरहिं मन कामना तुम्हारी। इस चौपाई का पाठ करने से जल्द ही आपकी बेटी के लिये कोई अच्छा रिश्ता मिल जायेगा।

अगर आप हर तरह की बुराईयों से और संकटों से अपनी रक्षा करना चाहते हैं तो इस दिन आपको भगवान श्री राम का ध्यान करते हुए श्री राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करना चाहिए। ऐसा करने से आप हर तरह की बुराईयों से और संकटों से अपनी रक्षा करने में समर्थ होंगे।

अगर आप जीवनसाथी के साथ अपने प्यार में बढ़ोतरी करना चाहते हैं और रिश्तों का सम्मान बनाये रखना चाहते हैं, तो इस दिन आपको श्री राम और माता सीता की सुगंधित पुष्पों से पूजा करनी चाहिए और पूजा के बाद भगवान को चढ़ाये फूलों में से एक फूल लेकर अपने जीवनसाथी को गिफ्ट करना चाहिए। ऐसा करने से जीवनसाथी के साथ आपका प्यार बढ़ेगा और रिश्तों में सम्मान बना रहेगा।

अगर आप किसी विशेष मनोरथ की प्राप्ति करना चाहते हैं, यानी अपनी कोई विशेष इच्छा पूरी करना चाहते हैं, तो इस दिन श्री राम की तस्वीर के आगे बैठकर उनकी इस चौपाई का पाठ करें – ‘मोर मनोरथु जानहु नीके बसहु सदा उर पुर सबही के’ इस प्रकार 21बार चौपाई का पाठ करके भगवान श्री राम को पुष्प अर्पित करें और उन्हें बेसन से बनी मिठाई का भोग लगाएं। ऐसा करने से आपको अपने विशेष मनोरथ की प्राप्ति अवश्य ही होगी।

अगर आप हर तरफ से, हर क्षेत्र में अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो इस दिन आपको श्री राम यंत्र की स्थापना करनी चाहिए। आप चाहें तो खुद भी इस यंत्र का निर्माण कर सकते हैं। इसके लिये एक भोजपत्र, अनार की कलम और केसर की स्याही लें, लेकिन अगर आपके पास ये सब नहीं है तो आप एक सफेद कोरा कागज और एक लाल स्केच पेन लें। अब भोजपत्र या सफेद कोरे कागज पर एक बिंदू बनाइये। फिर इस बिंदू के बाहर एक त्रिकोण बनाईये। अब उस त्रिकोण के विपरीत एक और त्रिकोण बनाइये। इस तरह ये एक षटकोण बन जायेगा। अब षटकोण के बाहर एक वृत्त बनाइये और उस वृत्त के बाहर 8 कमल की पंखुड़ियां बनाइये। इस दिन ऐसा करने से हर तरफ से, हर क्षेत्र में आपकी जीत सुनिश्चित होगी।