छत्तीसगढ़ में भाजपा किसे सीएम का चेहरा बनाएगी? प्रदेश अध्यक्ष ने ये दिया जवाब

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीएम आवास योजना को लेकर भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी। इससे पहले 11 हजार गांवों में जाकर हितग्राहियों से फॉर्म भराने का निर्णय लिया गया है। इन हितग्राहियों के साथ सीएम के गृह जिले दुर्ग में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके अलावा धर्मांतरण, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अराजकता के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की तैयारी है। अगली कार्यसमिति के लिए अंबिकापुर का चयन किया गया है।

राजनांदगांव के सोमनी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भाजपा की कार्ययोजना की जानकारी दी। साव ने कहा, छत्तीसगढ़ में मुद्दों की कमी नहीं है। धर्मांतरण भी छत्तीसगढ़ के लिए बड़ा मुद्दा है। राज्य की कानून व्यवस्था के लिए बड़ा विषय है। यह ज्वलंत मुद्दा है। सन् 2000 से पहले देश और प्रदेश में ज्यादातर समय कांग्रेस की सरकार थी। क्या मिला था छत्तीसगढ़ को गरीबी, अशिक्षा, भुखमरी, खस्ताहाल सड़कें। कांग्रेस के शासन में छत्तीसगढ़ के लोगों का शोषण हुआ था।

छत्तीसगढ़ के लोगों की चिंता सबसे पहले अटलबिहारी वाजपेयी ने की थी। उन्होंने अलग छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। 15 साल में भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के हर वर्ग की तरक्की और बेहतरी के लिए काम किया। गांव और शहरों में विकास की जो स्थिति दिखती है, वह 15 साल के काम का नतीजा है। छत्तीसगढ़ का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाने का काम भाजपा ने किया। वर्तमान में राज्य की कांग्रेस सरकार को लेकर लोगों में आक्रोश है। विकास के सारे काम ठप हो गए हैं। किसी गांव शहर में विकास के काम नहीं हो रहे। छत्तीसगढ़ का आज अपराध का भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया है। धर्मांतरण और माफिया का गढ़ बन गया है। कानून व्यवस्था की स्थिति चौपट हो चुकी है। जो हालात है, वह चिंताजनक है।

जवाबदेही से नहीं बच सकती सरकार

प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा, जब भी कोई बड़ा विषय आता है, तब भ्रष्टाचार का जवाब देने के बजाय सीएम भूपेश बघेल और मंत्रिमंडल के सदस्य उल्टे आरोप लगाते हैं। आप सीएम हैं। जवाबदेही आपकी है। जवाब देने से सरकार बच नहीं सकती है।

छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीएम फेस कौन होगा? इस सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा, मुख्यमंत्री कौन होगा, यह चुनाव के बाद तय किया जाएगा।

परीक्षा के तनाव से बचाने कार्ययोजना

साव ने बताया, परीक्षा के समय विद्यार्थियों को बड़ा तनाव होता है, 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को। पीएम ने परीक्षा पर चर्चा अभियान शुरू किया है। 27 जनवरी को पीएम विद्यार्थियों से परीक्षा पर चर्चा करेंगे। उन्हें तनाव से मुक्त होने का मंत्र देने वाले हैं। इस अभियान को व्यापक तौर पर करने की योजना बनाई है।

पेंटिंग और कला प्रतियोगिता भी सभी जिलों में करने वाले हैं। इसके लिए समिति बनाई गई है। जी-20 की अध्यक्षता करने का सुअवसर भारत देश को प्राप्त हुआ है। अब तक राजधानी के ईर्द-गिर्द कार्यक्रम होता था। देश के 56 स्थानों पर हर एक राज्य में एक कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है। इसमें छत्तीसगढ़ भी जुड़ा है। छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया का संदेश देने का मौका मिलेगा। इसकी तैयारियों पर चर्चा की है।

15-16 जनवरी को जी-20 का लोगो रंगोली के जरिए प्रदर्शित कर अभियान करेंगे। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का खुला खेल चल रहा है। राज्य सरकार संरक्षण दे रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बार-बार इस बात को कहा है। सुकमा एसपी, बस्तर कमिश्नर का पत्र सामने आ चुका है। राज्य सरकार संरक्षण दे रही है, इसलिए उस पर कार्रवाई नहीं की गई। नारायणपुर में धर्मांतरण की 60 शिकायतें हुईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इन सब से आदिवासी समाज में राज्य सरकार के प्रति आक्रोश है। इस दौरान डॉ. सुभाऊ कश्यप, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, अमित चिमनानी आदि मौजूद थे।