रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बीमा कंपनी के मैनेजर के घर चोरी हो गई है। मैनेजर अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने के लिए बागबाहरा गया हुआ था। उन्होंने घर पर ताला लगाया था। अगले दिन सुबह उनके पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। जब परिवार वापस लौटा तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर आलमारी में रखे गहने और कैश गायब थे।
यह पूरा मामला मुजगहन थाना क्षेत्र है। चंद्रशेखर चंद्राकर ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। उसने पुलिस को बताया कि वह कोटक इंश्योरेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर के पद पर है। 18 अगस्त को सुबह वह रक्षाबंधन त्यौहार मनाने के लिए परिवार के साथ बागबाहरा गया था। 19 अगस्त की सुबह 11 बजे उनके पड़ोसियों ने उन्हें बताया कि उनके घर के मकान का ताला टूटा हुआ है। चंद्रशेखर अपने परिवार समय वापस रायपुर लौटा।
आलमारी से गहने-कैश गायब
चोरी की सूचना पुलिस को भी दी गई। जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे के अंदर रखें आलमारी में सोने-चांदी के जेवरात और कैश गायब थे। FIR के मुताबिक, 4 सोने के ईयरिंग, 2 अंगूठी, 1 पायल और करीब 25 हजार कैश नहीं था। चोरों ने करीब 1 लाख के गहने-रुपये पार कर दिए। इस मामले में पुलिस FIR दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।