अकवान तूफान के प्रभाव से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले सहित समीपवर्ती अमरकंटक क्षेत्र में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बारिश के साथ पूरा अंचल घने कोहरे की चपेट में है। सड़कों पर दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है।लगातार बूंदाबांदी और सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
बादल छंटने के बाद बढ़ सकती है ठंड
मौसम के जानकारों के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान से बादल छंटने के बाद क्षेत्र में ठंड का असर और बढ़ सकता है। फिलहाल बारिश, कोहरे और ठंडी हवाओं ने पूरे अंचल में ठंड बढ़ा दी है।