छठ का प्रसाद बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, 30 जख्मी, 10 गंभीर

Chhattisgarh Crimes

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में छठ की पूजा का प्रसाद बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से 7 पुलिसकर्मी समेत 30 जख्मी हो गए। 21 से ज्यादा लोग 70% से ज्यादा जले हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर है। हादसा शुक्रवार की रात 2:30 बजे हुआ।

शहर के साहेबगंज मोहल्ले के वार्ड नंबर 24 में अनिल गोस्वामी के घर मे छठ पूजा चल रही थी। परिवार के सभी सदस्य प्रसाद बनाने में जुटे थे। तभी अचानक गैस रिसने से आग लग गई। इसके बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई। मुहल्ले के लोग आग बुझाने में जुट गए। इस बीच गश्ती कर रही पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई। आग बुझाने के लिए जैसे ही सिलेंडर पर पानी डाला उसमें ब्लास्ट हो गया और 7 पुलिसवाले जल गए।

हादसे में घायल पुलिस जवान मोहम्मद मुअज्जम ने बताया, हम रात की गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि वार्ड नं 24 आग लगी है। हम फौरन उस मोहल्ले की ओर निकले। पहुंचकर देखा तो आग लगी हुई थी। एक पानी के पाइप से जैसे ही आग बुझाने की कोशिश की तो सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। हम सभी झुलस गए।

उधर, घर के मालिक अनिल गोस्वामी ने बताया कि रात में हम लोग छत पर थे। मेरी पत्नी छठ पूजा का प्रसाद बना रही थी। हल्ला हुआ कि गैस लीकेज हो रही है। हम जैसे ही नीचे आए तो तब तक आग लग चुकी थी। थोड़ी देर में सिलेंडर में तेज धमाका हो गया। कुछ समझ ही नहीं आया।