राजधानी में घूमे पूर्व मुख्यमंत्री, चाय अड्डे पर ली चुस्की, मौजूद रहे कई दिग्गज

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रविवार को यहां पहुंचे। वे यहां अलग ही अंदाज में नजर आए। श्री सिंह, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की कार में कांग्रेस नेताओं के घर गए। सिंहदेव, खुद कार चला रहे थे। दिग्विजय के प्रवास की राजनीतिक हल्कों में जमकर चर्चा रही।

वैसे तो श्री सिंह विशेष रूप से दिवंगत कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा के परिजनों से मिलने आए थे। वे ट्रेन से पहले दुर्ग पहुंचे, और वहां श्री वोरा के निवास गए। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए, और परिवारजनों से चर्चा की। करीब पौन घंटे वोरा निवास पर रहे। इसके बाद श्री सिंह रायपुर के लिए निकले। वे अपनी गाड़ी छोड़ स्वास्थ्य मंत्री की कार में बैठ गए।

सिंहदेव भी श्री वोरा के परिजनों से मिलने दुर्ग पहुंचे थे। श्री सिंह रायपुर पहुंचने के बाद कुछ देर पहुना में रूके। इसके बाद वे हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन कुलदीप जुनेजा के आग्रह पर देवेन्द्र नगर स्थित उनके कार्यालय पहुंचे। वहां बाहर बैठकर कांग्रेस नेताओं से मेल मुलाकात करते रहे। उन्होंने कुलदीप जुनेजा से कहा-सरदार, तेरा चाय कहां हैं? इसके बाद चाय पी और उन्होंने शहर की अधोसंरचना का जायजा लिया। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह भी थे।

श्री सिंह कुछ देर वहां रूकने के बाद प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री अब्दुल हमीद हयात के घर गए। वहां भी करीब आधा घंटा उनसे चर्चा की। दिग्विजय सिंह के साथ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।