केजरीवाल बोले-छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार के नाम से जाना जाता है : बीजेपी-कांग्रेस वालों ने लूट लिया ; भगवंत मान ने कहा- देश को सरकार चलाने वाले नेता नहीं मिले

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। दिल्ली कई मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज बिलासपुर पहुंचे हैं। सरकंडा स्थित साइंस कॉलेज में आयोजित सभा में अरविंद केजरीवाल ने कहा, छत्तीसगढ़ केवल भ्रष्टाचार के नाम से जाना जाता है। बीजेपी-कांग्रेस वालों ने लूट लिया। पहले दिल्ली का भी यही हाल था। दिल्ली को पहले सीएनजी घोटाले के नाम से जाना जाता था।

भगवंत मान ने कहा कि, देश को सब कुछ मिला, लेकिन सरकार चलाने वाले नेता नहीं मिले। हम लोग इसी मकसद से छत्तीसगढ़ आए हुए हैं। हमारे पास पैसा नहीं है। गुंडे नहीं है। ये झूठे वादे करते हैं और हम गारंटी देते हैं।

प्रधानमंत्री बोलते हैं कि, हम फ्री की रेवड़ी बांटते हैं। 15 -15 लाख रुपए देने का पापड़ किसे मिला ये पीएम मोदी को बताना चाहिए। हम जो रेवड़ी बांट रहे हैं, वो आम लोगों को मिल रहा है। लेकिन आपने जो 15-15 लाख का पापड़ बेचा वो किसको मिला…

विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान बिलासपुर दौरे पर हैं। उनके साथ भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. संदीप पाठक भी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। साइंस कॉलेज मैदान में हजारों की संख्या में लोग मौजूद हैं। मंच पर आप के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, राज्यसभा सांसद-संदीप पाठक मौजूद हैं।

रायपुर के बाद बिलासपुर प्रदेश का दूसरा बड़ा संभाग है। यहां 24 विधानसभा सीटें हैं। यही वजह है कि AAP ने महारैली के लिए इस बार बिलासपुर को चुना है और आज होने वाले इस आयोजन में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को फिर से बुलाया गया है।

प्रदेश प्रभारी बोले- भाजपा और कांग्रेस से तंग आ चुकी है प्रदेश की जनता

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजीव झा ने बताया कि प्रदेश की जनता भाजपा के 15 साल के कुशासन और लूट के रिकॉर्ड के बाद कांग्रेस के भूपेश सरकार की पांच साल के भ्रष्टाचार से ऊब गई। आम आदमी पार्टी को यहां की जनता एक विकल्प के रूप में देख रही है। दोनों पाटिर्यों से अब यहां की जनता ठगी हुई महसूस कर रही है। हमारे संगठन का विस्तार छत्तीसगढ़ के गांव तक हर एक टोला तक पहुंच चुका है।

दिल्ली और पंजाब की तरह चल रहा कैंपेन

‘AAP’ की प्रदेश सचिव और एडवोकेट प्रियंका शुक्ला ने बताया कि पार्टी की सदस्यता अभियान में प्रदेश के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अब पार्टी के पदाधिकारी दिल्ली और पंजाब की तरह प्रदेश के सभी जिलों में कैंपेन चला रहे हैं। इसके तहत डोर-टू-डोर सर्वे चल रहा है और लोगों को आम आदमी पार्टी की रीति-नीति के साथ ही दिल्ली में हुए विकास कार्य और जनहित के कामों की जानकारी दी जा रही है। उन्हें भरोसा दिलाया जा रहा है कि अगर प्रदेश में ‘आप’ की सरकार बनी तो यहां भी दिल्ली की तरह काम होगा।