कांकेर जिले में पुलिस नक्सली मुठभेड़, 2 नक्सली ढेर

Chhattisgarh Crimes

कांकेर। जिले में फिर से पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि जवान सर्चिंग पर निकले थे। उसी दौरान माओवादियों ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी फायरिंग का जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और 2 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मामला सिकसोड़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, DRG के जवान सोमवार सुबह 4 बजे के आस-पास कडमे गांव के जंगलों में सर्चिंग पर निकले थे। उस वक्त वहां पर पहले से ही कुछ माओवादी मौजूद थे। जिन्होंने जवानों को देख फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवानों ने भी जबरदस्त फायरिंग की। जिसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले।

बताया गया है कि कुछ देर तक दोनों तरफ से फायरिंग चलती रही। फिर जब नक्सली जंगल की ओर भागे, तब इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें 2 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ की पुष्टि SP शलभ सिन्हा ने की है। मौके पर अब भी जवान मौजूद हैं। उनके लौटने पर ही ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।

जानकारी मिली है कि जो नक्सली मारे गए हैं। वो दोनों ही बड़े कैडर के नक्सली थे। मगर अब तक दोनों के नाम सामने नहीं आ सके हैं। साथ ही ये भी पता चला है कि दोनों माओवादियों पर लाखों रुपए का इनाम भी घोषित था।