5 राशियों के लिए विशेष शुभ फलदायक है पहला चंद्रग्रहण, जानिए क्या करें क्या ना करें

Chhattisgarh Crimes

26 मई को होनेवाले पहले चंद्रग्रहण के उपछाया में पड़ने की वजह से ना तो ये देश में दिखेगा और ना ही इसका सूतक लगेगा।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, वर्ष 2021 में कुल 2 चंद्र ग्रहण घटित होने वाले हैं। इसमें पहला पूर्ण चंद्रग्रहण 26 मई 2021 को होगा, जबकि दूसरा चंद्र ग्रहण 19 नवंबर को दिखाई देगा। हालांकि भारत वासियों के लिए दूसरे चंद्र ग्रहण को ही प्रथम चंद्र ग्रहण कहा जाएगा, क्योंकि 26 मई को घटित होने वाले पूर्ण चंद्र ग्रहण को भारत में नहीं देखा जाएगा। इसी दिन वैशाख और बुद्ध पूर्णिमा भी है, इसलिए इस चंद्रग्रहण का महत्व बढ़ जाता है। वैशाख पूर्णिमा को हर साल भगवान बुद्ध का जन्मोत्सव मनाया जाता है।

ध्यान देने योग्य बात ये है कि, 26 मई, 2021 को पड़ने वाला वर्ष का पहला चंद्रग्रहण भारत में महज एक उपच्छाया ग्रहण होगा। उपच्छाया ग्रहण को शास्त्रों में ग्रहण नहीं माना गया है। परंतु उपच्छाया ग्रहण भारत में जिस समय दिख रहा है, उस समय देश पहले से ही कोरोना से बहुत बुरी तरह ग्रस्त है, इसलिए कई विद्वानों के अनुसार इस पहले चंद्रग्रहण को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

चंद्र ग्रहण से जुड़ी अहम जानकारियां

कब लगेगा :- बुधवार, 26 मई 2021

चंद्र ग्रहण का समय :- 14:17 बजे से 19:19 बजे तक

ग्रह-नक्षत्र की स्थिति :- विक्रम संवत 2078, वैशाख माह की पूर्णिमा तिथि, वृश्चिक राशि, अनुराधा नक्षत्र

ग्रहण का प्रकार :- पूर्ण चंद्र ग्रहण

कहां दिखेगा क्षेत्र :- पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका

सूतक काल :- भारत में ये उपछाया चंद्र ग्रहण के तौर पर दिखेगा, इसलिए इस दौरान सूतक काल मान्य नहीं होगा।

चंद्रग्रहण में क्या करें क्या ना करें?

  • चंद्रग्रहण शुरू होने से पहले स्नान एवं पूजा-अर्चना कर लेना शुभ माना जाता है।
  • चंद्रग्रहण में दान करना बेहद शुभ माना जाता है।
  • ग्रहण समाप्त होने के बाद घर में गंगा जल का छिड़काव करना चाहिए और फिर से स्नान करना चाहिए।
  • चंद्रग्रहण के दौरान खाने-पीने की चीजों में तुलसी का पत्ता डालना चाहिए।
  • चंद्रग्रहण के समय किसी भी तरह के शुभ कार्य नहीं करने चाहिए।
  • चंद्रग्रहण के दौरान भोजन बनाना और खाना, दोनों वर्जित होता है। ऐसा करने पर स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
  • इस दौरान गर्भवती स्त्रियों को कमरे से बाहर नहीं निकलना चाहिए। आनेवाले बच्चे पर इसका विपरीत असर पड़ सकता है।

किन राशियों के शुभ है चंद्र ग्रहण?

मेष राशि : आपके लिए यह ग्रहण शुभ रहेगा। आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है और अलग-अलग स्रोत से धन लाभ होने की संभावना भी बन रही है। स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें और ठंडी चीज के सेवन से बचें।

वृषभ राशि : आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है। अचानक से किसी प्रकार का धन लाभ हो सकता है। नए वाहन और मकान के योग बन रहे हैं। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा।

मिथुन राशि : आपको अपने कार्यस्थल में सराहना मिलेगी और आपके अधिकारी आप पर प्रसन्न होंगे। आर्थिक रूप से आप मजबूत होंगे। हालांकि इस दौरान आप अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें।

कन्या राशि : आपके लिए यह समय शुभ साबित होगा। कार्यक्षेत्र में किसी प्रकार का लाभ हो सकता है। व्यापार में भी मुनाफा होने की उम्मीद है। इस दौरान जितनी मेहनत करेंगे उतना ही ज्यादा फल मिलेगा। लेकिन स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें।

मकर राशि : आपके लिए भी यह समय अच्छा रहने की संभावना है। नयी योजनाओं में बेहतर परिणाम मिलेंगे। छात्रों का मनोबल बढ़ेगा और आप नई ऊर्जा से काम करेंगे।