श्रीराम मंदिर निर्माण के चंदा वसूली में गड़बड़ी, भाजपा नेता पर एफआईआर दर्ज

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए धन संग्रह का काम पूरा हो चुका है। उसके बाद भी कुछ इलाकों में वसूली जारी है। ऐसी ही एक वसूली को लेकर आज मंदिर हसौद थाने में बवाल हो गया। कुछ महिलाओं ने थाने में स्थानीय भाजपा नेता की शिकायत कर अधिक वसूली का आरोप लगाया है।

मंदिर हसौद थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया ‘मुंगेशर गांव की महिला मोगरा चौहान की शिकायत पर राम मंदिर के नाम पर चंदा लिए जाने के दौरान भाजपा नेता कृष्ण वर्मा और संतोष वर्मा द्वारा महिलाओं से गाली गलौज के शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। चंदे को लेकर शिकायत को भी विवेचना में लिया गया है।’ बताया जा रहा है कि आज दोपहर मुंगेशर गांव की दर्जनों महिलाएं मंदिर हसौद थाने पहुंची थी। मुंगेशर की नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष मोगरा चौहान की ओर से तहरीर दी गई। इसमें गांव के ही कृष्ण वर्मा और संतोष वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

Chhattisgarh Crimes

मोगरा चौहान की ओर से कहा गया है कि कम कीमत के कूपन पर अधिक राशि की वसूली की शिकायत होने से नाराज कृष्ण वर्मा ने अपने साथियों के साथ उन्हें धमकी दी है। बताया जा रहा है कि कृष्ण वर्मा भाजपा मंदिर हसौद मंडल का अध्यक्ष भी है। भाजपा नेता कृष्ण वर्मा ने इन आरोपों को राजनीति स्टंट बताया है। उन्होंने कहा, राजनीतिक वजहों से हम जैसे कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। चंदे की रसीद की कमी के चलते कुछ कम कीमत वाले कूपन दिए गए थे। बाद में कूपन आ गए तो सभी को दे दिया गया था। इसमें विवाद जैसी कोई बात ही नहीं है।