रायपुर में बदला मौसम, झमाझम हुई बारिश : उमस भरी गर्मी से मिली राहत

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर में सुबह से बादल छाए रहने के बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। राहत की फुहारों ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। छत्तीसगढ़ में बीते 6 दिनों से बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ा है और नमी तेजी से घटती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। बस्तर और सरगुजा के कुछ जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के मुताबिक रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां नमी 76-60 प्रतिशत तक थी। नमी घटने से उमस बढ़ रही है।

माना एयरपोर्ट में 32.5, बिलासपुर में 33.8, पेण्ड्रारोड में 31.8, अंबिकापुर में 29.9, जगदलपुर में 32.1, दुर्ग में 33.9 और राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस था। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछली रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को बलरामपुर, राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी और आसपास के इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। बताया गया है कि मानसून द्रोणिका हिमालय की तराई में चली गई है, जिसके कारण फिलहाल प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। आज को कुछ स्थानों पर हल्की -मध्यम बारिश हो सकती है।