खेत में ग्रामीण को हाथी ने रौंदा, मौत

Chhattisgarh Crimes

पिथोरा। हाथी के हमले से सोमवार को एक युवक की मौत हो गई। कुशगढ़ गांव में एक हाथी झुंड से बिछड़कर उत्पात मचा रहा है। इसी दौरान उसने ग्रामीण पर हमला कर दिया जिससे उसकी जान चली गई। वहीं एक और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। मामला अर्जुनी थाना इलाके का है।

जानकारी के मुताबिक, कुशगढ़ निवासी गोवर्धन रत्नाकर खेत में काम करने गया था। इसी दौरान दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी पर नजर बनाए हुए है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथी के साथ छेड़छाड़ ना करें और हाथी से दूरी बनाएं रखें। फिर भी लोग वीडियो बनाने पास जा रहे हैं।

वनमंडल अधिकारी मयंक अग्रवाल ने बताया कि, सुबह 10.30 बजे उन्हे हाथी के हमले की सूचना मिली थी। वहीं एक शख्स घुरऊ साहू को भी हाथी ने घायल किया है। जिससे उसकी दोनों जांघ में चोट आई है। घायल को बिलाईगढ़ अस्पताल लाया गया। जहां से उसे बलौदाबाजार रेफर किया गया है।

25 हजार की सहायता

वहीं मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। गोवर्धन रात्रे के परिवार को भी तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपए दिए गए हैं। मयंक अग्रवाल ने कहा कि, अभी वहां एक ही हाथी मौजूद है। जो झुंड से भटककर महासमुंद के रास्ते आ गया है। बच्चों को खासतौर पर सतर्क रखने की अपील भी की गई है। बताया गया है हाथी ने उत्पात मचाते हुए फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है।

वन विभाग की अपील भी बेअसर

उधर, अपील के बाद भी कई ग्रामीण हाथी के पास जा रहे हैं। हाथी खेत के पास देखा गया है, जहां कई लोग वीडियो बनाने के लिए नजदीक तक पहुंच गए। वीडियो में हाथी दौड़ते हुए दिख रहा है।