KYC अपडेट करने के नाम पर 5.85 लाख रुपए की ठगी

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में NTPC के अपर प्रबंधक से 5.85 लाख रुपए की ठगी हो गई। शातिर ठगों ने उन्हें KYC अपडेट करने के लिए मोबाइल पर मैसेज भेजा। इसके बाद एक ऐप डाउनलोड कर 10 रुपए ट्रांसफर करने को कहा। प्रोसेस पूरा करते ही उनके खाते से छह बार में रुपए निकल गए। इसके बाद उन्होंने अफसरों से संपर्क कर खाता ब्लॉक कराया। इसके दो माह बाद सीपत थाने में FIR दर्ज कराई गई है।

जानकारी के मुताबिक उज्जवल नगर निवासी अमित कुमार प्रमाणिक NTPC सीपत में अपर महाप्रबंधक हैं। ऑफिस में रहने के दौरान उनके मोबाइल पर 22 अप्रैल को मैसेज आया और उनके KYC एक्सपायर होने की जानकारी दी गई। साथ ही कहा गया कि अपटेड नहीं करने पर मोबाइल सिम जल्द बंद हो जाएगा। इसके लिए मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने को भी कहा गया। इस पर अमित कुमार ने दिए गए नंबर पर कॉल किया।

शातिर ठगों ने AGM से मोबाइल पर क्विक सपोर्ट ऐप डाउन लोड करने को कहा। ऐप डाउन लोड करने के बाद उसी नंबर पर ऑनलाइन 10 रुपए ट्रांसफर कराए। ऐसा करते ही उनके खाते से 6 बार में 85000, 100000, 99999, 100000, 100000 और 100000 रुपए कुल 5 लाख 84 हजार 999 रुपए निकल गए। इसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता ब्लाक कराया। साथ ही उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

अपर महाप्रबंधक प्रमाणिक ने खाते से रकम निकलने की FIR करीब दो माह बाद रविवार दोपहर थाने में दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल में शिकायत के बाद वह अपने SBI ब्रांच से खाते के जरूरी दस्तावेज और जानकारी जुटा रहे थे। बताया कि उन्होंने अपनी OTP और बैंक आईडी या फिर ट्रांजैक्शन को लेकर कोई जानकारी भी किसी से शेयर नहीं की थी। इसके बावजूद खाते से रुपए ट्रांसफर हो गए।