नाबालिग गर्लफ्रेंड की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। बिलासपुर में एक युवक ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी है। उसे शक था कि लड़की किसी और से बात करती है, वह किसी और से मिलती भी है। जिसके चलते पहले प्रेमी ने प्रेमिका से विवाद किया। फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। बाद में खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया है। मामला सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 9वीं में पढ़ने वाली छात्रा का बापू नगर निवासी यश खुसरैल(19) से प्रेम प्रसंग था। दोनों काफी बातें किया करते थे। लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। मगर कुछ समय पहले से यश नाबालिग पर शक करने लगा था। वह लड़की पर चरित्र शंका करता था। इस बात को लेकर वह उससे कई बार झगड़ा भी कर चुका था।

बताया गया कि शनिवार शाम को दोनों किसी का जन्मदिन मनाने निकले थे। इसी दौरान यश उस लड़की को सिलपहरी स्थित हरदी रोड के राधे इंडस्ट्रीज के आस-पास ले गया था। वहां उसने पहले तो लड़की से विवाद किया। फिर उसका गला भी दबाया। इसके बाद पत्थर से सिर कुचलकर लड़की की हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर वहां से निकल गया।

कहा गया है कि घटना के बाद यश वहां पर कुछ देर तक घूमता भी रहा था। रातभर लड़की का शव वहीं पड़ा रहा। उधर, जब लड़की रात तक घर नहीं पहुंची, तब उसके परिजन भी उसकी तलाश कर रहे थे। मगर लड़की का कुछ पता ही नहीं चला।

वहीं अगले दिन रविवार सुबह को युवक तोरवा थाने पहुंच गया और उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। चूंकि मामला सिरगिट्‌टी इलाके का था। इसलिए तोरवा पुलिस ने युवक को सिरगिट्‌टी पुलिस के हवाले कर दिया है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में ही आरोपी ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी है।