जयपुर-मुंबई ट्रेन में पालघर के पास हुई फायरिंग, RPF के ASI सहित 4 यात्रियों की मौत, गोली चलाने वाला RPF कांस्टेबल गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर से चलती ट्रेन में फायरिंग की खबर सामने आई है। जयपुर-मुंबई पैसेंजर ट्रेन में गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई है। यह ट्रेन गुजरात से मुंबई आ रही थी। घटना सोमवार सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। यह घटना वापी और सूरत स्टेशन के बीच हुई। RPF कांस्टेबल ने अपने ASI पर गोली चलाई। उसके बाद गोली तीन और यात्रियों को लगी। पुलिस ने RPF कांस्टेबल को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

घटना जयपुर मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बी-5 कोच में हुई। - Dainik Bhaskar

चारों पीड़ितों ने मौके पर ही तोड़ा दम

RPF कांस्टेबल की पहचान 30 वर्षीय चेतन सिंह के रूप में हुई है। घटना स्थल पर जीआरपी पुलिस और आरपीएफ पुलिस मौजूद है। जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस (12956) ट्रेन के B5 कोच में सोमवार सुबह 5 बजकर 23 मिनट पर ये गोलीबारी हुई। चारों पीड़ितों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। RPF कांस्टेबल ने गोली क्यों चलाई इसका पता अभी नहीं चल पाया है।

बयंदर पोस्ट पर पकड़ा गया आरोपी कांस्ट्रेबल

पुलिस के मुताबिक, कि एस्कॉर्ट ड्यूटी में सीटी चेतन ने एस्कॉर्ट प्रभारी एएसआई टीका राम पर गोली चलाई। ट्रेन बोरिवली रेलवे स्टेशन (बीवीआई) पहुंच गई है और अग्रिम सूचना के अनुसार एएसआई के अलावा तीन नागरिकों के हताहत होने की सूचना है। सीनियर डीएससी बीसीटी साइट पर आ रहे हैं। उक्त कांस्टेबल को बयंदर पोस्ट पर पकड़ा गया है। नॉर्थ जीआरपी के डीसीपी को सूचना दे दी गई है।

चलती ट्रेन में गोलीबारी से मच गया हड़कंप

जैसे ही चलती ट्रेन में गोलीबारी हुई तो हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस ट्रेन के यात्रियों के बयान भी दर्ज कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पश्चिमी रेलवे ने बयान में कहा, “पालघर स्टेशन पार करने के बाद एक आरपीएफ कांस्टेबल ने चलती जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर गोलीबारी कर दी। उसने एक आरपीएफ एएसआई और तीन अन्य यात्रियों को गोली मार दी। इसके बाद दहिसर स्टेशन के पास वह ट्रेन से बाहर कूद गया। आरोपी सिपाही को हथियार समेत हिरासत में लिया गया है।”